सहारनपुर। एक छोटी सी लिपिकीय त्रुटि ने बेसिक शिक्षा विभाग की नीयत और एआरपी पद के लिए हुई परीक्षा प्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया। बाद में पता चलने पर विभाग को त्रुटि में सुधार करना पड़ा।
दरअसल, एआरपी पद के लिए 26 मार्च को डायट पटनी में लिखित परीक्षा कराई गई। परीक्षा के आधार पर विभाग ने 41 अर्ह अभ्यर्थियों की सूची जारी की। सूची पत्र पर विभाग के एक अस्थाई कर्मचारी द्वारा पत्रांक के साथ 26 मार्च की जगह 25 मार्च की तिथि लिख दी गई। यह पत्र कुछ शिक्षकों के हाथ लग गया, जिन्होंने इसे मुद्दा बनाने के लिए सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। आरोप लगने लगे कि 26 मार्च की परीक्षा का परिणाम एक दिन पहले कैसे जारी हो सकता है।
इससे परीक्षा प्रणाली और संबंधितों की नीयत पर सवाल खड़े हो गए। सूचना जैसे ही विभागीय अधिकारियों को लगी तो उनको भूल सुधार करते हुए तिथि को 25 से बदलकर 26 मार्च करना पड़ा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कोमल ने बताया कि लिपिकीय त्रुटि के कारण तिथि गलत लिख दी गई। परिणाम 26 को ही जारी किया गया था।