सहारनपुर। पेपर मिल रोड पर युवकों के दो गुटों में संघर्ष हो गया। लाठी-डंडे चलने के साथ ही फायरिंग भी की गई, जिससे अफरातफरी मच गई। पता लगने पर क्राइम ब्रांच और कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने मौके पर पहुुंचकर जांच की, लेकिन तब तब युवक फरार हो चुके थे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली है।
घटना सोमवार की दोपहर एक बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पेपर मिल रोड पर एक स्कूल के पास बाइक पर आए दो पक्षों के छह युवकों में मारपीट हो गई। देखते ही देखते एक युवक ने हथियार निकाल लिया और हवा में फायरिंग कर दी, जिससे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और लोग भी दहशत में आ गए। पता लगने पर क्राइम ब्रांच मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्षों के युवक वहां से भाग गए थे। इसके पश्चात कोतवाली सदर बाजार पुलिस भी मौके पर पहुंची और पेपर मिल रोड के व्यापारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने दुकानों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालकर आरोपियों की शनाख्त का प्रयास किया। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पुलिस युवकों की शनाख्त का प्रयास कर रही है।