सहारनपुर। गांव पूजनेकी, डूभर किशनपुर, खड़लाना, उमाही और रामखेड़ी स्थित परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चे अब स्मार्ट टीवी के माध्यम से शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे। संबंधित गांवों के परिषदीय विद्यालयों को विद्या ज्ञान इंडिया फाउंडेशन कोटा के द्वारा स्मार्ट टीवी प्रदान किए गए हैं।
फाउंडेशन के प्रबंधक पीके अग्रवाल ने सीडीओ विजय कुमार की उपस्थिति में उक्त स्मार्ट टीवी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीष कुमार को सौंपे। सीडीओ विजय कुमार ने फाउंडेशन के काम की सराहना की, साथ ही संबंधित विद्यालयों के शिक्षकों को स्मार्ट टीवी के माध्यम से बच्चों को नवाचारी शिक्षण तकनीक द्वारा शिक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से परिषदीय विद्यालयों के उत्थान के लिए आगे आने की अपील की, जिससे समाज के गरीब परिवारों के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल सके। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीष कुमार ने भी फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि निश्चित रूप से स्मार्ट टीवी लगने जैसे आधुनिक संसाधन आने के बाद अन्य बच्चों और उनके अभिभावकों का झुकाव परिषदीय विद्यालयों की ओर होगा।