बेहट (सहारनपुर)। बुधवार की सुबह गंगरोह नदी में डूबने से 10 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। साथ में मौजूद बच्चों के शोर मचाने पर पास ही बाग में काम कर रहे लोगों ने बालक का शव पानी से बाहर निकाला। हादसे की खबर मिलते ही मृतक बच्चे के परिवार में कोहराम मच गया।
हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। मोहल्ला गाड़ान निवासी मुनफैद का 10 वर्षीय बेटा उजैफ मोहल्ले के चार-पांच बच्चों के साथ गांगरोह नदी की तरफ गया था। यहां नदी में एक बड़े गहरे गड्ढे में पानी भरा देखकर बच्चे उसमें नहाने लगे। इस दौरान उजैफ गहराई की तरफ जाने से पानी में डूब गया। साथ में मौजूद बच्चों ने उजैफ को डूबता देख शोर मचाया। शोर सुनकर पास ही अपने बाग में काम रहे राशिद आदि दौड़कर मौके पर पहुंचे और उन्होंने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर लगते ही उजैफ के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे और शव को उठाकर अपने घर ले आए।
बेहट में मासूम बच्चे की मौत पर बिलखते परिजन।- फोटो : SAHARANPUR