सहारनपुर। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने एसआईआर अभियान के तहत समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि 26 दिसंबर की रात्रि में एएसडी(अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक) लिस्ट को फिर से डाउनलोड किया जाए। सूची को राजनीतिक दलों के साथ साझा किया जाए। बीएलओ प्रारूप के सभी कॉलम को पूर्ण रूप से भरवाएं। कलक्ट्रेट परिसर स्थित सभागार में हुई समीक्षा बैठक में विधानसभा क्षेत्रों के छह निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण व सात निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मौजूद रहे। नकुड़ विधानसभा क्षेत्र में मृत्यु का प्रतिशत कम होने के बारे उन्होंने अधिकारियों से सवाल किया। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बताया कि कम मृत्यु प्रतिशत वाले बूथों पर स्वयं व एईआरओ ने सत्यापन किया है, जो सही मिला है। विधानसभा क्षेत्र में डिजिटाइजेशन व मैपिंग का कार्य संतोषजनक है।
सिटी मजिस्ट्रेट ने अवगत कराया कि रिमाउंट डिपो, रेलवे कॉलोनी, पेपर मिल कॉलोनी, आईटीसी कॉलोनी में अधिकतर मतदाता नौकरीपेशा है। ऐसे में स्थानांतरित मतदाताओं की संख्या ज्यादा है। मृतकों की संख्या अधिक होने पर फिर से सत्यापन कराया जा रहा है। सीईओ नवदीप रिणवा ने कहा कि ऐसे बूथ पर जहां पर मैपिंग कम है। वहां जिला स्तरीय अधिकारी लगाकर फिर से सत्यापन कराया जाए। साथ ही जिन गणना प्रपत्रों में फोटो नहीं लगी है। उनमें फोटो लगवाएं।
उन्होंने फार्म-6 की आवेदन संख्या कम होने पर व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। कहा कि आधार कार्ड के अतिरिक्त आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेज जरूर लगवाए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नगर विधानसाभ के भाग संख्या 270 के बीएलओ भूपेंद्र, सींचपाल व भाग संख्या-273 के विजेंद्र कुमार से किए गए कार्यों की जानकारी हासिल की। बैठक के अंत में मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को स्मृति चिह्न भेंट किया। जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने आभार व्यक्त किया।