छठ पूजा आज : नहर में पहुंचा पानी, तैयारियां पूरी
सहारनपुर। छठ पूजा को लेकर प्रशासन की की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई है। हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया पानी भी मानकमऊ बड़ी नहर में पहुंच गया है। श्रद्धालु भी आज खरना के दिन उपवास रख सोशल डिस्टेंसिंग के साथ छठ पूजा मनाने की तैयारी में हैं। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह और एसएसपी डाक्टर एस चनप्पा ने भी मानकमऊ बड़ी नहर का निरीक्षण किया और कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करने का निर्देश दिया।
छठ पूजा को लेकर 20 नवंबर (आज) की शाम श्रद्धालु डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देंगे। फिर 21 नवंबर की सुबह उगते सूरज को अर्घ्य देकर पूजन का समापन करेंगे। शहर के गंगोह रोड पर मानकमऊ में बड़ी नहर पर हर साल बड़ा आयोजन होता आया है। बड़ी संख्या में लोग यहां छठ पूजा करने पहुंचते हैं, लेकिन इस बार कोरोना काल की वजह से आयोजन में सावधानी बरती जा रही है।
बृहस्पतिवार दोपहर जिलाधिकारी अखिलेश सिंह और एसएसपी डाक्टर एस चनप्पा अन्य अधिकारियों के साथ मानकमऊ बड़ी नहर पर पहुंचे। उन्होंने छठ पूजा सेवा समिति के पदाधिकारियों से भी वार्ता की और कहा कि कोविड-19 गाइडलाइन का पालन अवश्य किया जाए। पदाधिकारियों ने भी आश्वस्त किया कि गाइडलाइन का पालन किया जाएगा।
पूर्वांचल सांस्कृतिक सभा की अपील, घर पर ही करें छठ पूजा
सहारनपुर। पूर्वांचल सांस्कृतिक सभा के संस्थापक राममूरत यादव, जिला संयोजक हरिशरण तिवारी, जिलाध्यक्ष आरपी यादव, महामंत्री रामआशीष यादव और बसंत सिंह एडवोकेट आदि ने अपील की है कि इस बार छठ पूजा श्रद्धालु अपने घरों पर ही करें। क्योंकि कोविड - 19 के संक्रमण को देखते हुए ऐसा आयोजन ठीक नहीं, जिसमें भीड़ इकट्ठा होती है। हरिशरण तिवारी ने बताया कि पूर्वांचल सांस्कृतिक सभा हर साल मानकमऊ बड़ी नहर पर छठ पूजा का आयोजन करती आई है, लेकिन इस बार वह आयोजन नहीं करेंगे, बल्कि घरों पर ही पूजा करेंगे।
- घाट पर साफ-सफाई और सजावट कराई गई
सहारनपुर। मानकमऊ बड़ी नहर के घाटों पर सुबह से ही सफाई अभियान चलता रहा। नगर निगम की तरफ से सफाई कर्मी वहां लगाए गए थे, जो सफाई के साथ ही मार्ग के किनारों पर चूना आदि भी डाल रहे थे। इसके अलावा घाट पर सजावट के लिए रंग बिरंगी झालरों से लाइटिंग भी की गई है।