छुटमलपुर। शिवालिक वन प्रभाग की मोहंड रेंज के आरक्षित वन क्षेत्र के पास एक चीतल मृत अवस्था में पड़ा मिला। ग्रामीण जहां इसका शिकार किए जाने की बात कह रहे हैं, वहीं वन अधिकारियों का कहना है कि यह पोस्टमार्टम से स्पष्ट होगा कि मौत की वजह क्या रही है।
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने खुशहालीपुर गांव के पास एक चीतल को पड़े देखा। कुछ कुत्ते उसे नोच रहे थे। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग की मोहंड रेंज पर दी। वन क्षेत्राधिकारी लव सिंह कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद चीतल के मृत शरीर को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय भिजवाया। ग्रामीणों का कहना है कि चीतल का शिकार किया गया है। इसमें वन कर्मियों की संलिप्तता है।
कर्मचारी जंगल के समीप बने फार्म हाउसों पर बाहर के संदिग्ध व्यक्तियों को बुलाकर शिकार कराते हैं। बता दें कि पिछले दिनों एक वन गुर्जर की भैंस को भी संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई थी। उस वक्त भी वन गुर्जर का कहना था कि शिकारियों की चलाई गोली उसकी भैंस को लगी है। इससे कुछ दिन पहले ही मोहंड रेंज क्षेत्र में शिकारी कुत्तों के हमले में सतपुरा निवासी जंगल की तरफ गई वृद्धा की मौत हो गई थी। संवाद