सहारनपुर। परिवहन निगम में परिचालक की नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आवेदनकर्ताओं से आरोपी ने तीन-तीन हजार रुपये मांगे और नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। पता लगने पर एआरएम जगदीश सिंह ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कुछ दिन पूर्व परिवहन निगम में परिचालक पद की रिक्तियां निकली थीं। पुलिस के मुताबिक इसी दौरान एक व्यक्ति ने भर्ती में शामिल होने वाले आवेदनकर्ताओं से फोन पर संपर्क किया। नौकरी लगवाने के नाम पर तीन-तीन हजार रुपये की मांग की। कुछ लोगों से आरोपी ने ठगी कर ली। पता लगने पर एआरएम ने जांच कराई, जिसमें दो मोबाइल फोन नंबर भी चिह्नित किए गए, जिनसे आरोपी फोन करता था। इसी आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि फोन नंबरों के आधार पर आरोपी की शनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी। संवाद