सहारनपुर। गागलहेड़ी में हुए हादसे के बाद यातायात पुलिस ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान तेज रफ्तार में दौड़ रहे 105 वाहनों के चालान किए गए।
बढ़ते सड़क हादसों की रोकथाम के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को यातायात प्रभारी अमित तोमर ने टीम के साथ गागलहेड़ी में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान 105 वाहनों के चालान काटे गए और 2.20 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। नवंबर माह में ही 604 वाहनों का ओवरस्पीडिंग में चालान हुए थे। वहीं वर्ष 2025 में अब तक 2175 वाहन चालान हो चुके हैं। इनसे 45 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। एसपी यातायात शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि चालान के साथ ही रात के समय दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हाईवे पर चलने वाले भारी वाहनों, डंपर और ट्रकों पर रिफ्लेक्टिव टेप भी लगाई गई, ताकि दृश्यता बढ़े और हादसों में कमी आए।
-
चार दिन में 46 ट्रैक्टर-ट्राली व 54 डंपरों के चालान
संभागीय परिवहन विभाग की टीम भी गागलहेड़ी में हादसे के बाद से लगातार कार्रवाई कर रही है। एआरटीओ प्रवर्तन एमपी सिंह ने बताया कि 30 नवंबर से लेकर तीन दिसंबर तक 46 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 56 डंपरों के चालान किए गए। यह वाहन बिना रिफ्लेक्टर, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के दौड़ रहे थे। ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ भी अभियान चलेगा।