नानौता/सरसावा (सहारनपुर)। सिख समुदाय द्वारा नौवें गुरु तेग बहादुर साहिब जी का 400 वां प्रकाश उत्सव श्रद्धा पूर्वक मनाया गया। इस दौरान जहां गुरुद्वारा साहिब में गुरुग्रंथ साहिब जी के पाठ किए गए, वहीं सिख समुदाय के लोगों द्वारा कोविड नियमों का पालन कर अपने घर पर रहते हुए जपजी साहिब जी के पाठ किए। इस दौरान जपजी साहिब जी के पाठ के उपरांत सिख समुदाय द्वारा अपने घर से ही कोरोना महामारी के खात्मे के लिए अरदास की गई।
नानौता के गुरुद्वारा साहिब में ज्ञानी हरविंदर सिंह ने शबद कीर्तन व कथा के माध्यम से नौवें पातशाह साहिब श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन व हिंदू धर्म के लिए उनके द्वारा किए गए बलिदान पर प्रकाश डाला। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार भूपेंदर सिंह खालसा ने अपने घर से ही सभी साध संगत को गुरु साहब के प्रकटोत्सव की बधाई दी। नौवें पातशाह गुरु तेग बहादुर जी के प्रकाशोत्सव पर अमरजीत कौर, प्रकाश कौर, दलजीत कौर, श्याम कौर, रजविन्दर कौर, कमलजीत कौर, रवनीत कौर, कुलजीत कौर, अरविन्दर सिंह काका, अवतार सिंह, मुख्तयार सिंह, इंदरजीत सिंह, जसप्रीत सिंह, अमनप्रीत सिंह, मनप्रीत सिंह हर्शी, अमरदीप सिंह गिफ्टी, कुलजोत सिंह आदि ने कोरोना माहमारी से मुक्ति की अरदास की।
सरसावा में भी प्रकाशपर्व कोरोना महामारी के चलते श्रद्धालुओं ने घरों में रहकर गुरु जी की कुर्बानियों को याद कर श्रद्धा भाव के साथ मनाया। इस अवसर पर अंबाला रोड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा मे सूक्ष्म कार्यक्रम में श्री सुखमनी साहिब का पाठ किया गया। गुरुद्वारा साहिब के ग्रन्थी ज्ञानी अमरजीत सिंह जी ने गुरु जी के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला।