सरसावा। दीपावली की पावन बेला पर यमुना नदी के अटल घाट पर दीपोत्सव मनाया गया। नकुड़ विधायक मुकेश चौधरी की पहल पर आसपास के सैकड़ों ग्रामीणों ने 11 हजार दीपक जलाकर आस्था का संदेश दिया।
दीपावली की शाम सोमवार को यमुना नदी का किनारा दीपकों की रोशनी से जगमगा उठा। नकुड़ विधायक मुकेश चौधरी समर्थकों तथा ग्रामीणों के साथ यमुना नदी के किनारे अटल घाट पर पहुंचे। वहां प्रकृति और आस्था का संगम हुआ। ग्रामीणों ने एक-एक कर 11 हजार दीपक जलाए। कार्यक्रम का आरंभ विधायक मुकेश चौधरी ने मंत्रोच्चारण एवं पूजा अर्चना कर प्रथम दीप जला कर किया। विधायक ने कहा कि यह दीपक उत्सव भारतीय संस्कृति की प्रतीक प्रकृति तथा आस्था का संगम है जो पूरे विश्व को शांति का संदेश देता है। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और भाजपाई मौजूद रहे।