सहारनपुर में टपरी स्थित शराब फैक्टरी से टैक्स चोरी का खेल कंपनी मालिक और आबकारी अधिकारियों की मिलीभगत से चल रहा था। एसटीएफ की छापामारी में इसका खुलासा हुआ। मामले में सहायक आबकारी आयुक्त मेरठ की तरफ से कोतवाली देहात में दो रिपोर्ट दर्ज कराई गईं। इनमें कोऑपरेटिव कंपनी लिमिटेड के मालिक प्रणव अनेजा सहित 16 लोगों को नामजद कराया गया, जबकि सहायक आबकारी आयुक्त (प्रवर्तन) जगराम पाल और आबकारी निरीक्षक (प्रवर्तन) अरविंद वर्मा को भी आरोपी बनाया गया है।
आरोप है कि प्रणव अनेजा कंपनी के सेल्स हेड समेत अन्य अधिकारियों के जरिये सहायक आबकारी आयुक्त (प्रवर्तन) जगराम और आबकारी निरीक्षक अरविंद कुमार के साथ मिलकर टैक्स चोरी के धंधे को अंजाम दिला रहा था। एक साल में लगभग 100 करोड़ की टैक्स चोरी कर लेते थे। सहायक आबकारी आयुक्त मेरठ मोहम्मद आरिफ जमील की तरफ से दी गई तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 97 और 98 पर दो रिपोर्ट दर्ज कराई गई हैं। इन दोनों रिपोर्ट में 16-16 लोग नामजद हैं, जबकि सहायक आबकारी आयुक्त जगराम पाल और आबकारी निरीक्षक (प्रवर्तन) अरविंद वर्मा का नाम प्रकाश में आने पर शामिल किया गया।
यह भी पढ़ें: तस्वीरें: खूब वायरल हो रहा दरोगा का ये वीडियो, जूते से लात मारकर फेंकी सब्जी और...
ऐसे करते थे टैक्स चोरी
टपरी स्थित शराब फैक्टरी से जब भी दूसरे जिलों में शराब भेजी जाती थी तो एक गेट पास और एक बिल्टी पर दो कंटेनर निकलवाते थे। यूपी के उन्नाव जिले के बड़े शराब ठेकेदार अजय जायसवाल सहित कानपुर, संभल, बदायूं आदि जिलों के ठेकेदारों तक यह शराब भेजी जाती थी। यही नहीं नकली बार कोड जारी करके शराब की पेटियों पर चिपका दिया जाता था।
इनके खिलाफ हुई रिपोर्ट
1- अश्वनी उपाध्याय, सेल्स हेड कंपनी
2- गुलशेर निवासी पड़ोली नागल
3- अशोक कुमार, कंपनी चपरासी
4- हरिशरण तिवारी निवासी गांव दुबोली पोस्ट मीर देवरिया
5- संजय कुमार शर्मा निवासी सिविल अस्पताल सहारनपुर
6- प्रणव अनेजा, कंपनी मालिक
7- मांगेराम त्यागी, चुड़ियाला भगवानपुर हरिद्वार
8- कमल डेनियल, वाइस प्रेसीडेंट टेक्निकल
9- अजय जायसवाल, उन्नाव के शराब गोदाम का मालिक
10- प्रदीप कुमार निवासी खानपुर थाना मंसूरपुर मुजफ्फरनगर
11- सोमशेखर, प्रभारी बीपी ऑपरेशन वाइस प्रेसीडेंट कंपनी
12- जयभगवान निवासी सदर बाजार सहारनपुर
13- सत्यभान, ट्रांसपोर्टर निवासी गुरुद्वारा रोड सहारनपुर
14- उपेंद्र गोविंद राव निवासी महुअवा रामकोला कुशीनगर
15- वीरेंद्र शखधर, एचआर कंपनी
16- अरविंद कुमार आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन
आठ आरोपियों को भेजा जेल
गिरफ्तार आरोपी गुलशेर, हरिशरण तिवारी, संजय कुमार शर्मा, मांगेराम त्यागी, प्रदीप कुमार, जयभगवान, उपेंद्र गोविंद राव और अरविंद कुमार को कोतवाली देहात पुलिस ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। वहां से अदालत के आदेश पर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया।
एसटीएफ ने बुधवार को टपरी स्थित कोऑपरेटिव कंपनी लिमिटेड में टैक्स चोरी को लेकर छापा मारा था। मामले में सहायक आयुक्त आबकारी मेरठ की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कराई गई हैं। कुछ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास चल रहा है।
- राजेश कुमार, एसपी सिटी
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/