बड़गांव में दुर्घटना में क्षतिग्रस्त कार
- फोटो : SAHARANPUR
ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से कार सवार युवक की मौत
बड़गांव (सहारनपुर)। थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात देवबंद नानौता हाईवे से पहले नूनाबड़ी गांव वाले रास्ते पर एक कार की पापुलर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार महिलाएं गंभीर घायल हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम पर भेजते हुए घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
हादसा बड़गांव थाना क्षेत्र में रात दस बजे हुआ। नूनाबड़ी निवासी रिश्तेदारी में हुई एक मौत में शोक व्यक्त करने के बाद वे लौट रहे थे। हादसे में नूर मोहम्मद (23) पुत्र मुस्तकीम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अनीसा पत्नी मुस्तकीम, संजीदा पत्नी मुस्तफा, महजबी पत्नी नूर मोहम्मद निवासीगण नूनाबड़ी एवं सरवरी पत्नी कदीर हासमपुर मुजफ्फरनगर घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की पूरी जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने मृतक का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि पापुलर से भरी ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर थाने लाकर खड़ा कर दिया है। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।