नानौता। दिल्ली यमुनोत्री हाईवे पर टायर फटने से अनियंत्रित होकर कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को परिजन उपचार के लिए सहारनपुर ले गए।
शनिवार की देर शाम करीब छह बजे बेहट थाना क्षेत्र के गांव साढौली कदीम निवासी रामभूल पुत्र चन्दरूप एसयूवी कार द्वारा नानौता से सहारनपुर की ओर जा रहा था। चालक जैसे ही दिल्ली यमुनोत्री हाईवे पर ग्राम बाबूपुरा क्षेत्र में पहुंचा तो अचानक से टायर फट गया जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर काफी दूर तक घिसटते चली गई। आनन फानन में मौके पर अन्य वाहन चालकों व राहगीरों सहित पुलिस ने कार से चालक को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को कार में सवार अन्य परिजन सीएचसी रामपुर मनिहारान में लेकर पहुंचे। इस संबंध में थाना अध्यक्ष अमित कुमार नागर ने बताया कि एसयूवी का टायर फटने से कार डिवाइडर से टकरा गई थी, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। मौके पर पहुंच उसे उपचार हेतु भिजवाया गया है।