हिरीगढ़ थाना क्षेत्र में हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार
- फोटो : SAHARANPUR
बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। दून हाईवे पर मंगलवार की देर रात एक कार मोहंड से पहले अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों घायलों को लेकर सहारनपुर जिला अस्पताल पहुंची, जहां युवती को मृत घोषित कर दिया गया। युवती की पहचान नहीं हो सकी है।
हादसा मंगलवार की रात साढे़ 12 बजे बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में छुटमलपुर-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोहंड के पास हुआ। कार सवार सहारनपुर से देहरादून जा रहे थे। उनकी कार मोहंड से पहले बेकाबू हो कर बिजली के खंभे से टकरा गई। कार में सवार लोगों की चीख पुकार सुन कर राहगीरों ने इसकी सूचना मोहंड पुलिस चेक पोस्ट पर दी। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने तीनों घायलों को सहारनपुर अस्पताल भिजवाया। जहां युवती को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि अन्य दो घायलों जफर उर्फ शिबू पुत्र रिजवान सिद्दीकी और रहमान कुरैशी पुत्र हनीफ कुरैशी निवासी मोहल्ला शेखजादगान नानौता को उपचार के लिए भरती कराया गया। देर शाम तक युवती की शनाख्त नहीं हो सकी थी।
एसओ बिहारीगढ़ संजीव यादव ने बताया कि घायलों को अभी होश नहीं आया है। मृतक युवती के पास से कोई भी पहचान का साक्ष्य नहीं मिल सका है। ऐसे में युवकों के होश में आने के बाद ही युवती की शनाख्त हो सकेगी। फिलहाल युवती का शव पंचनामा भर कर मोर्चरी में रखवा दिया गया है।