हाथरस की घटना के विरोध में कैंडल मार्च निकाला
गंगोह/ नागल/ बड़गांव।
हाथरस की घटना के विरोध में विभिन्न संगठनों ने जिले में कैंडल मार्च निकाला और अधिकारियों को ज्ञापन देकर पीड़ित परिवार को एक करोड़ की सहायता और जिले के डीएम कप्तान को निलंबित करने की मांग उठाई।
हाथरस जा रहे कांग्रेस नेताओं के साथ धक्का-मुक्की व लाठीचार्ज की घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया। कांग्रेस नेता व पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद के नेतृत्व में मेटाडोर स्टैंड पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। इन लोगों ने पुलिस पर उत्पीड़न की कार्रवाई करने का आरोप लगाया। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन कोतवाली प्रभारी यज्ञ दत्त शर्मा को सौंपा। ज्ञापन में कहा दुष्कर्म की शिकार लड़की की मौत के बाद इसके विरोध में हाथरस जा रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, विधायक मसूद अख्तर, नरेश सैनी, पूर्व विधायक इमरान मसूद आदि पर किए लाठी चार्ज की वह निंदा करते हैं।
बुधवार रात को कुरैशियान चौक पर एकत्रित हुए सपाइयों ने गुलाम औलिया चौक तक कैंडल मार्च निकाला। उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन कोतवाली निरीक्षक विपिन मौर्य को सौंपा। इसमें सपा नेता इरफान अलीम, हसीब कुरैशी, मोनू, सूफियान, फैसल, शाहिद, ऋषिपाल, सलमान, आसिफ आदि रहे।
नागल के ग्राम मीरपुर में भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज के लोगों ने हाथरस की घटना के विरोध में प्रदर्शन किया। रामपुर मनिहारान विधान सभा क्षेत्र के सपा प्रभारी जसबीर वाल्मीकि ने कहा कि पीड़ित परिवार को एक करोड़ की सहायता के साथ ही वहां के डीएम और कप्तान केे निलंबित किया जाए। इसमें मा निवेंद्र, सतीश प्रधान, सुनील, अमरीश प्रधान, दीपू बिरला, मोनू, दीपक, रजनीश, देशराज, अक्षय, संजय, राकेश, प्रवीण, सुरेंद्र, चंद्र किरण, विकास, रघुवीर, सौरभ, सागर, नवीन आदि रहे। बड़गांव में बहुजन अधिकार संघ के कार्यकर्ताओं ने हाथरस की घटना के विरोध में एसओ के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। इनमें पूर्व प्रधान रामशरण, बालू माजरा, छोटा, रामेश्वर, दीपक वाल्मीकि, लाल सिंह, अजीत, सुमित, श्यामपाल आदि रहे।