जिले में बनेगी कैंसर केयर यूनिट, मंडल के मरीजों को होगा लाभ
सहारनपुर। एसबीडी जिला अस्पताल में कैंसर केयर यूनिट जल्द स्थापित होगी। इसके बाद कैंसर के मरीजों को इलाज के लिए दिल्ली, चंडीगढ़ और उत्तराखंड के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। यूनिट स्थापित होने के बाद ना केवल सहारनपुर जनपद, बल्कि मंडल के तीनों जनपदों के मरीजों को लाभ होगा।
मंडल के तीन जनपदों में से किसी में भी सरकारी अस्पतालों में कैंसर रोग विशेषज्ञ नहीं है। चूंकि डॉक्टर नहीं है तो दवा के भी इंतजाम नहीं हैं। ऐसे में सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को रेफर कर दिया जाता है। एसबीडी जिला अस्पताल सहारनपुर की ही बात करें तो बीते वर्ष 2019 में अप्रैल से दिसंबर तक कैंसर के कुल 19 मरीजों को रेफर किया गया। सरकार से इलाज नहीं मिलने की वजह से कैंसर के मरीजों के साथ ही तीमारदारों को चंडीगढ़, उत्तराखंड और दिल्ली आदि शहरों में भटकना पड़ता है, साथ ही मोटा पैसा अलग से खर्च होता है। मगर भविष्य में ऐसा नहीं होगा। शासन से कैंसर केयर यूनिट प्रस्तावित है, जिसके एसबीडी जिला अस्पताल परिसर में जल्द स्थापित होने की संभावना अधिकारी जता रहे हैं।
अभी तक कैंसर के जितने भी मरीज जिला अस्पताल में आते थे उन्हें डॉक्टर और इलाज के अभाव में रेफर कर दिया जाता था। बीते वर्ष 19 लोग रेफर किए गए हैं। मगर हमें उम्मीद है कि हम जल्द ही कैंसर के मरीजों को भी इलाज की सुविधा दे पाएंगे। शासन से कैंसर केयर यूनिट प्रस्तावित है। शासन के अगले कदम का इंतजार है। उम्मीद है कि कैंसर केयर यूनिट जल्द स्थापित होगी।
डॉक्टर एके त्रिपाठी, नोडल अधिकारी।
यह सही है कि मंडल के किसी भी सरकारी अस्पताल में कैंसर रोग विशेषज्ञ नहीं हैं। ऐसे में हम कैंसर के मरीजों को ऋषिकेश एम्स के लिए रेफर करते हैं, जिससे कि मरीजों को कम से कम खर्च में बेहतर इलाज मिले। सरकार कैंसर केयर यूनिट स्थापित करा दे तो यह सहारनपुर के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।
डॉक्टर एसके वार्ष्णेय, अपर निदेशक/प्रमुख अधीक्षक (चिकित्सा)।
अभी तक यह उपलब्धि मिली
बीते करीब तीन साल से एसबीडी जिला अस्पताल में डाइलिसिस यूनिट सफलतापूर्वक चल रही है, जिसमें दस बेड की व्यवस्था है। यूनिट का संचालन प्राइवेट कंपनी के द्वारा किया जा रहा है, जिसका लाभ मरीजों को मिल रहा है। इसके अलावा सिटी स्कैन की सुविधा करीब आठ माह पहले ही शुरू हुई है। सिटी स्कैन के लिए भी कंपनी का अपना स्टाफ है। मरीजों को घंटे भर में जांच रिपोर्ट उपलब्ध हो जाती है। ऐसे में उम्मीद है कि कैंसर केयर यूनिट भी जल्द स्थापित होगी।