अयोध्या करती है आह्वान, ठाठ से कर मंदिर निर्माण
सहारनपुर। अयोध्या में होने वाले भूमि पूजन व मंदिर निर्माण शिलान्यास को लेकर लोगों में उत्साह है। इन दिनों मोबाइल फोन पर प्रसिद्ध गायक रविंद्र जैन के भजन अयोध्या करती है आह्वान, ठाठ से कर मंदिर निर्माण की कॉलर व रिंगटोन लोग लगा रहे है।
अयोध्या में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण के लिए भूमि पूजन व शिलान्यास करेंगे। इस घड़ी को लेकर लोगों में उत्साह है। कई लोगों ने कामकाज छोड़कर बुधवार को कार्यक्रम लाइव देखने का मन बनाया है। दुर्गा विहार निवासी नीरज राणा और हसनपुर चौक निवासी सचिन शर्मा का कहना है कि वह बुधवार को छुट्टी रखकर पूरा कार्यक्रम टीवी पर लाइव देखेंगे।
इसके अलावा इन दिनों लोग प्रसिद्ध गायक रविंद्र जैन के भजनों को खूब सुन रहे हैं। लोगों ने 80 के दशक में निर्देशक रामानंद सागर की रामायण धारावाहिक के भजन अपने मोबाइल फोन की कॉलर और रिंगटोन पर लगा रखे हैं, लेकिन इनमें रविंद्र जैन का भजन अयोध्या करती है आह्वान, ठाठ से कर मंदिर निर्माण खूब पसंद किया जा रहा है। आवास-विकास निवासी तुषार अग्रवाल और इशिका कंसल का कहना है कि बेहद खुशी की घड़ी है। उन्होंने कई दिन पहले ही यह भजन अपने मोबाइल फोन की रिंगटोन और कॉलर टोन पर लगाया था। इसी तरह बड़ी संख्या में लोगों ने यह भजन मोबाइल फोन पर लगा रखा है। कोर्ट रोड निवासी मनीष कुमार, दीनानाथ बाजार निवासी अमित विक्रम, हकीकतनगर निवासी भानू आदि का कहना है कि उनके मोबाइल फोन पर लंबे समय यही रिंग और कॉलर ट्यून लगी है।