सहारनुपर के सरसावा में यमुना नदी से अवैध रूप से रेत का खनन कर लौट रही ट्रैक्टर ट्राली ने स्कूल जा रही एक छात्रा को कुचल दिया। मौके पर ट्रैक्टर के पहिए के नीचे दबी छात्रा ने करीब आधा घंटा तड़फने के बाद मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर का मालिक मौके पर पहुंचा तथा इंसानियत को शर्मसार कर ट्रैक्टर के नीचे दबी छात्रा को तड़फता हुआ छोड़कर चालक को लेकर फरार हो गया।
बाद में लोगों ने किसी प्रकार छात्रा को निकाला तथा सीएचसी लेकर पहुंचे। लेकिन उसे वहां मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सोमवार सुबह आठ बजे के करीब ग्राम भट्टपुरा निवासी कक्षा नौ की होनहार छात्रा पूजा सैनी (14 वर्ष) अन्य छात्राओं के साथ ग्राम सांपला स्थित इंटर कालेज जा रही थी। जैसे ही पूजा शेखपुरा गांव के रास्ते पर पहुंची सामने से आ रही रेत से भरी ट्रैक्टर ट्राली ने उसे चपेट में ले लिया।
पूजा ट्रैक्टर के पिछले पहिये के नीचे दब गयी ओर तड़फने लगी। पूजा की सहेलियों ने घटना की सूचना फौरन परिजनों को दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इसी बीच ट्रैक्टर का मालिक भी मौके पर आ गया।
लेकिन इंसानियत को शर्मसार करते हुए वह ट्रैक्टर के नीचे दबी किशोरी को निकलवाने के बजाए चालक को लेकर फरार हो गया। करीब आधा घंटा तड़फने बाद किशोरी ने दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि यदि चालक लोगों की मदद से ट्रैक्टर को थोड़ा भी आगे कर देता तो बालिका की जान बच सकती थी। बाद में लोगों की मदद से किशोरी को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला गया तथा सीएचसी सरसावा लेकर पहुंचे।
जहां किशोरी को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि मौके से भीड़ के हटते ही खनन माफिया ने ट्राली को खाली करना शुरू कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया।
मृतका के पिता रकम सिंह सैनी निवासी भट्टपुरा की तहरीर पर रविंद्र पुत्र सिताब सिंह निवासी शेखपुरा के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि आरोपी रोजाना यमुना से अवैध रूप से रेत का खनन कर गांव में लाता है।
देर शाम पोस्टमार्टम होने के बाद गमगीन माहौल में किशोरी का अंतिम संस्कार कर दिया गया।