जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने रामपुर मनिहारान के स्कूलों का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीष कुमार ने शुक्रवार को रामपुर मनिहारान के परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई शिक्षक गैरहाजिर मिले, इन पर कार्रवाई की गई है। कई योजनाओं के कार्य अधूरे मिलने पर नाराजगी जताते हुए उन्हें अतिशीघ्र पूरे करने के निर्देश दिए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सबसे पहले उच्च प्राथमिक विद्यालय नंदपुर पहुंचे। यहां 235 बच्चों का नामांकन बताया। शिक्षक विनीता और कविता सीएल पर बताई गई। ई पाठशाला, दीक्षा एप, प्रिंट रिच सामग्री, डीबीटी एवं मिड-डे मील को लेकर निर्देशित किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय जगरौली में 107 बच्चों का नामांकन बताया। शिक्षक उपस्थित मिले। मोहल्ला पाठशाला, ऑपरेशन कायाकल्प, प्रिंट रिच सामग्री को लेकर जानकारी ली। खंड संसाधन केंद्र के निरीक्षण में संजय कुमार, आनंद प्रकाश वोहरा गैरहाजिर मिले। मानदेय रोकने की कार्रवाई की। प्राथमिक विद्यालय, रामपुर में शिक्षक मौजूद मिले। अधूरे मिले कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय तेलुपुरा और प्राथमिक विद्यालय जंधेड़ा में भी अधिकांश कार्य पूर्ण मिले।