सहारनपुर। पेपर मिल फाटक और शेखपुरा ओवरब्रिज के बीच रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी से कटकर जीजा-साले की मौत हो गई, जबकि एक यात्री का रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर ट्रेन में चढ़ते समय पैर कट गया। देहात कोतवाली पुलिस व जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। घटना का पता लगने पर परिजन अस्पताल में पहुंचे।
पहली घटना देहात कोतवाली क्षेत्र में हुई। पेपर मिल रेलवे फाटक और शेखपुरा ओवरब्रिज के बीच रेलवे ट्रैक पर दो युवक बैठे थे। इसी बीच सहारनपुर से दिल्ली की ओर जा रही मालगाड़ी आ गई। जिसकी चपेट में आकर दोनों युवक कट गए। उनकी मौके पर मौत हो गई। मालगाड़ी से दो युवकों के कटने की सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों की पहचान अरमान (22) व सिकंदर (23) निवासी गांव शेखपुरा के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक रेलवे ट्रैक पर बैठे थे, जिनको मालगाड़ी आने की भनक तक नहीं लगी। पुलिस ने दोनों के शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए हैं।
अरमान सिकंदर का जीजा था। दोनों की शादी हो गई थी। दोनों को एक-एक बच्चा है। वहीं, दूसरी घटना रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर हुई। सहारनपुर-दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस में चढ़ते समय मनोज चौहान निवासी देवबंद का पैर फिसल गया। नीचे गिरने से दोनों के नीचे का हिस्सा कट गया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। मृतकों और घायल के परिजन भी अस्पताल में पहुंच गए।
नशे में तो नहीं थे युवक
मालगाड़ी की आवाज सुनकर भी युवक रेलवे ट्रैक से अलग नहीं हुए। ऐसे में पुलिस जांच कर रही है कि दो युवक नशे में तो नहीं थे। क्योंकि लोको पायलट ने ट्रैक पर बैठे युवक को देखकर हाॅर्न बजाया। उसके बाद भी युवक ट्रैक से नहीं हिले।