सहारनपुर,बड़गांव। शादी के एक सप्ताह बाद ही नई नवेली दुल्हन ससुराल वालों को नशीला पदार्थ खिलाकर लाखों के जेवर व नगदी लेकर फरार हो गई। परिजन सुबह नींद से जागे तो घर में दुल्हन को न पाकर हैरान रह गए। पीड़ित थाने में तहरीर देकर लापता दुल्हन को तलाश करने की गुहार लगाई है।
थाना क्षेत्र के गांव महेशपुर निवासी नीरज पुत्र राजकुमार ने बीती चार मई को पौड़ी गढ़वाल के पोखड़ा गांव निवासी एक युवती से हरिद्वार में कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद दुल्हन अपनी ससुराल महेशपुर आ गई थी। जहां वह पिछले सात दिन से हंसी खुशी रह रही थी। शनिवार को दुल्हन का कथित भाई शुभम आया था। आरोप है कि शनिवार रात दुल्हन ने अपने पति नीरज व ससुर राजकुमार को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया।
इसके बाद दोनों बेहोशी की हालत में पहुंच गए। सुबह जब पिता पुत्र सोकर उठे तो दुल्हन व कथित भाई घर में रखे सोने चांदी के आभूषण और पचास हजार रुपये की नगदी समेट कर फरार हो चुके थे। पिता पुत्र ने थाने पहुंच दुल्हन के खिलाफ तहरीर देकर जेवर और नगदी बरामद करने की मांग की है। उधर, सीओ देवबंद अशोक कुमार सिसौदिया ने बताया कि तहरीर मिली है। दुल्हन के एड्रेस को ट्रेस किया जा रहा है। कोर्ट मैरिज के वक्त लगाए गए प्रपत्रों को सत्यापन कराया जा रहा है।