सहारनपुर में शाबाश बेटियों... हमें तुम पर नाज है। सीबीएसई बारहवीं के परीक्षा परिणाम में जिले के टॉप थ्री में भले ही छात्र और छात्राएं दोनों आगे रहे हो, लेकिन स्कूल टॉप करने के साथ टॉपर्स की लिस्ट में बेटियों ने ही बाजी मारी।
उन्होंने परीक्षा में उम्दा प्रदर्शन कर साबित कर दिया कि बेटियां बेटों से कम नहीं है। जिले के नामचीन स्कूलों पर नजर डाले तो बेटियों ने उच्च अंक हासिल करने के साथ स्कूल को टॉप किया।
उन्होंने अपनी इस उपलब्धि से परिजनों का सिर फक्र से ऊंचा कर दिया। जिला टॉप करने वाली छात्रा लार्ड महावीरा एकेडमी की रितुल जैन और आशा मॉडर्न स्कूल की छात्रा दिव्या बजाज है ।
इस बिटिया ने पूरे जनपद को टॉप किया है। रेनबो स्कूल में छात्रा सिमरन अरोड़ा, कार्तिक शर्मा, श्रेया बनर्जी, साक्षी चौधरी ने बाजी मारी। ज्ञानकलश इंटरनेशनल स्कूल में अन्नपूर्णा सिंह और सौम्या मल्होत्रा ने 93.8 प्रतिशत अंकों के साथ स्कूल टॉप किया।
सरस्वती विहार स्कूल में छात्रा सान्या गुप्ता ने 95 प्रतिशत अंकों के साथ स्कूल टॉप किया। आशा मार्डन इंटरनेशनल स्कूल में छात्रा हिमानी ठकराल 95 फीसदी अंकों के साथ प्रथम रही।
लार्ड महावीरा एकेडमी की पूर्व प्रधानाचार्य एवं स्कूल सहोदय कांप्लैक्स की अध्यक्षा मंजू जैन कहती है कि लड़कियां शिक्षा के साथ हर क्षेत्र में लड़कों से ऊंची उड़ाने भर रही हैं। बेटियों ने इस बार फिर परीक्षा परिणाम में आगे रहकर परिजनों का सिर फक्र से ऊंचा कर दिया।
शहर के होनहार रितुल जैन और दिव्य बजाज ने बारहवीं के परीक्षा परिणाम में टॉप-20 में स्थान बनाया है। दोनों टॉपर्स की इस बड़ी उपलब्धि से हर कोई गदगद है।
बता दें कि शहर के लार्ड महावीरा एकेडमी स्कूल की छात्रा रितुल जैन और आशा मॉडर्न स्कूल की छात्रा दिव्या बजाज ने 98.2 फीसदी अंकों के साथ जिला टॉप किया है।
दोनों मेधावियों ने जिला टॉप करने के साथ देश भर में उच्च स्थान हासिल किया है। शिक्षाविदों की मानें तो अब से पहले जिले का कोई भी टॉपरे टॉप-20 में कोई जगह नहीं बना पाया था। लेकिन इस बार एक साथ दो टॉपर्स के टॉप-20 में जगह बनाने के साथ शिक्षा जगत के लोगों में हर्ष की लहर है। लार्ड महावीरा एकेडमी की पूर्व प्रधानाचार्य मंजू जैन ने टॉपर्स को बधाई दी।