बेहट उप उप मंडी स्थल पर धरना देते किसान और भाकियू कार्यकर्ता। श्रोत संगठन
बेहट। हरियाणा गेहूं लेकर जा रहे किसानों को खाद्य विपणन विभाग की टीम द्वारा बेहट में रोकने पर भाकियू क्रांति के कार्यकर्ताओं ने उपमंडी स्थल पर धरना दिया। उन्होंने टीम में शामिल अधिकारियों पर किसानों के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। नायब तहसीलदार मुकुल सागर ने किसानों को समझाकर धरना समाप्त कराया।
शनिवार रात कुछ किसान टैक्टर-ट्राॅलियों में गेहूं लेकर हरियाणा जा रहे थे, जिन्हें खाद्य विपणन विभाग की टीम ने कस्बे में रोक लिया। टीम में शामिल अधिकारियों का कहना था कि गेहूं को उत्तर प्रदेश के ही क्रय केंद्रों पर बेचा जाए। सरकार भुगतान भी किसानों को सुविधा से दे रही है। इस बात को लेकर किसानों और टीम के बीच कहासुनी हो गई। इसकी सूचना मिलने पर भाकियू क्रांति के आशीष सैनी, प्रदेश अध्यक्ष सोनू धीमान, प्रदेश सचिव रिंकू आदि मंडी समिति पहुंचे और अधिकारियों पर किसानों का उत्पीड़न और उनके साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी करने लगे और उप मंडी स्थल पर धरने पर बैठ गए।
धरने की सूचना पर नायब तहसीलदार मुकुल सागर धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों को समझा कर धरना समाप्त कराया। धरना देने वालों में शीशपाल, हिमांशु, मांगे राम, प्रशांत, अरविंद, हरिओम गुप्ता, मोहम्मद तारिक, अनीस अहमद, रजत चौहान, जयपाल आदि शामिल रहे।