सहारनपुर उत्तर प्रदेश में अपनी सियासी जमीन मजबूत करने के लिए अब भाजपा सहारनपुर से चुनावी बिगुल फुंकेगी। प्रदेश की एक नंबर विधानसभा बेहट से नवरात्र में परिवर्तन यात्रा की शुरुआत की जाएगी।
नवरात्र में मां शाकंभरी के क्षेत्र से शुरू होने वाली यह यात्रा पूरे पश्चिमी यूूपी में घूमेगी। इसमें राष्ट्रीय स्तर के नेता यात्रा का नेतृत्व करेंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक दिन तक यह यात्रा घूमेगी और लोगों को केंद्र सरकार की उपलब्धियों के साथ ही प्रदेश सरकार की विफलताओं को बताएंगे।
विधानसभा चुनाव की आहट के बीच अब भाजपा भी अपने चुनावी तैयारियों का शंखनाद करने जा रही है। इसके लिए भाजपा अब पूरे प्रदेश में परिवर्तन रैली निकालने जा रही है। नवरात्र में शुरू होने वाली यह यात्रा चार भागों में बांटी गई है।
पश्चिमी यूपी की यात्रा सहारनपुर के बेहट से शुरू होगी। चुनावी जमीन मजबूत करने के लिए भाजपा अब जुटने लगी है। सहारनपुर में अब तक बसपा और कांग्रेस के मौजूदा विधायकों ने भाजपा का दामन थाम लिया है। ऐसे में सहारनपुर में भाजपा की स्थिति पहले से काफी बेहतर हुई है।
ऐसे में अब भाजपा यहां से यात्रा शुरू कर अपनी स्थिति को मजबूत करने में जुट गई है। भाजपा के पदाधिकारियों की मानें तो परिवर्तन यात्रा की शुरुआत गृहमंत्री राजनाथ सिंह करेंगे और प्रत्येक दिन राष्ट्रीय नेतृत्व से एक पदाधिकारी इसमें शामिल होंगे।
आपको बता दें कि सहारनपुर में सभी राजनीतिक दलों के लिए बेहद खास है। यही कारण है कि केन्द्र में मोदी सरकार के दो साल पूरे होने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने यहां रैली की थी।
इसके बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने हाल ही में यहां रैली कर अपनी ताकत दिखाई। अब भारतीय जनता पार्टी भी सहारनपुर से चुनावी शंखनाद कर यहां की सियासी जमीन को मजबूत कर रही है।