सहारनपुर में गंभीर रूप से घायल भर्ती मरीज का जिला अस्पताल की लैब से एक दिन पूर्व कराया गया एक्सरे खो जाने पर शहर के भाजपा विधायक राजीव गुंबर ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
ग्राम धारकी निवासी सुभाष ने अपने पिता को सोमवार को एक दुर्घटना में सिर और कंधे में गंभीर चोटें आने के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया जाता है कि उनका अधिक चोट होने के चलते उनका एक्सरे कराया गया और चिकित्सक ने एक्सरे देखने के बाद ही उपचार शुरू करने के लिए कहा।
सोमवार को एक्सरे हो जाने के बावजूद उन्हें लैब से एक्सरे नहीं दिया गया। आरोप है कि मंगलवार को सुबह कई चक्कर लगाने के बाद कह दिया गया कि एक्सरे खो गया है।
जिस पर लोगों ने जिला अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। सुभाष ने आरोप लगाया कि एक्सरे नहीं मिलने से उनके पिता का मंगलवार सुबह तक भी उपचार शुरू नहीं हो पाया और वे दर्द से कराहते रहे।
चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने भारी लापरवाही की है। जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है, यही नहीं उनके साथ कर्मचारियों ने अभद्रता भी की।
सूचना मिलते ही नगर विधायक राजीव गुंबर भी जिला अस्पताल पहुंच गए और लोगों के साथ मिलकर सीएमएस डाक्टर आशा शर्मा का घेराव कर हंगामा शुरू कर दिया।
उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में भारी लापरवाही बरती जा रही है। मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें सही उपचार नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।