बेहट (सहारनपुर)। गंदेवड़-चिलकाना रोड पर लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार फाइनेंस कर्मचारी अरुण (26) निवासी गांव साढ़ौली भूड़ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसा मंगलवार देर रात कोतवाल बेहट क्षेत्र में गांव रसूलपुर व लोदीपुर के बीच हुआ। अरुण गंगोह में एक फाइनेंस कंपनी के दफ्तर में काम करता था। रात वह चिलकाना की तरफ से बाइक पर गांव आ रहा था। रसूलपुर के पास यमुना नगर लक्कड़ मंडी में जा रही लकड़ी से लदी टैक्टर-ट्राली ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अरुण की मौत हो गई। ट्रैक्टर-ट्राॅली को उसका चालक सड़क पर ही छोड़कर भाग गया। किसी राहगीर ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने अरुण की पहचान होने पर उसके परिजनों को बुलाया। अरुण अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। परिवार में उसके पिता धनीराम, मां, पत्नी शालू और दो बच्चे हैं। इनमें बड़ा लड़का तीन साल का है और एक साल की लड़की है। अरुण ही पूरे परिवार की देखभाल करता था, उसकी मौत से परिवार का सहारा छिन गया। सीओ एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।