सहारनपुर के देवबंद में साखन नहर के समीप बृहस्पतिवार को ट्रक और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसका चाचा और ट्रक का चालक-परिचालक घायल हो गए।
जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। नागल थानाक्षेत्र के गांव पठोड़ी निवासी अशोक कुमार (35) अपने चाचा रमेशचंद (55) के साथ बाइक से किसी काम से देवबंद आया था।
सुबह करीब 10 बजे जब वह घर जाने के लिए देवबंद से चले तो साखन नहर के समीप सहारनपुर की तरफ से आ रहे ट्रक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
इसमें अशोक कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि रमेशचंद और ट्रक चालक-परिचालक घायल हो गए। वहीं, दुघर्टना की सूचना मिलते पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा घायलों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया।
जहां से प्राथमिक उपचार देकर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रमेशचंद की हालत नाजुक बनी हुई है। अशोक कुमार के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल विजय प्रकाश ने बताया कि अभी इस मामले की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।