संवाद न्यूज एजेंसी मिर्जापुर/ छुटमलपुर/ बिहारीगढ़/ नागल/ गागलहेड़ी/ नकुड़/ नानौता/ रामपुर मनिहारान। केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने जिले भर में ट्रैक्टर तिरंगा यात्राएं निकालकर अपनी मांगों से संबंधित राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपे। ज्ञापन में एमएसपी गारंटी कानून बनाने, गन्ना, गेहूं व धान की फसल के दाम में बढ़ोतरी, गन्ने का भुगतान 14 दिन में करवाने की मांग भी उठाई गई।
मिर्जापुर में जिलाध्यक्ष नरेश स्वामी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पैदल, बाइक और ट्रैक्टर पर सवार होकर कासमपुर स्टोर से कोतवाली मिर्जापुर तक तिरंगा रैली निकाली। उनके द्वारा 10 सूत्रीय मांगपत्र सीओ को दिया गया। इस दौरान मंडल महासचिव राजबीर, जिला सचिव आलिम प्रधान, तहसील अध्यक्ष सचिन्द्र राणा, ब्लॉक अध्यक्ष अनुज कश्यप, कामिल प्रधान, राकिब, मांगेराम, सतीश कुमार आदि रहे। छुटमलपुर में युवा विंग के जिलाध्यक्ष नदीम अंसारी और वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सचिन चौधरी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा सहारनपुर रोड से डाक बंगला फतेहपुर तक निकाली गई। इसमें चौधरी पदम सिंह, नगर अध्यक्ष प्रदीप चौधरी, मास्टर सतपाल, सुमित कांबोज आदि रहे। बिहारीगढ़ में तिरंगा यात्रा मनोहरपुर से कस्बे के रविदास मंदिर तक निकाली गई। इसमें जिला महासचिव अजय कांबोज, दिलशाद मलिक, बबली राणा आदि मौजूद रहे। यहां ज्ञापन एसओ अक्षय शर्मा को सौंपा गया।
नागल में कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टरों पर सवार होकर कस्बे के बस स्टैंड, मेन बाजार, शिव चौक, ब्लॉक चौराहा होते हुए तिरंगा रैली निकाली। ब्लाॅक कार्यालय पहुंचकर बीडीओ असलम परवेज को ज्ञापन सौंपा। ब्लॉक अध्यक्ष मूसा प्रधान, अमित मुखिया, संतोष चौधरी, योगेंद्र उर्फ पप्पू, भाग सिंह आदि रहे। गागलहेड़ी में भगवानपुर रोड स्थित डाक बंगले से ट्रैक्टरों पर सवार कार्यकर्ताओं ने मुजफ्फनगर रोड, देहरादून रोड, सहारनपुर रोड से होते हुए कस्बे के मुख्य तिराहे ज्योतिबाफुले तक यात्रा निकाली। ज्ञापन थाना प्रभारी प्रवेश कुमार को सौंपा। इस दौरान नरेश यादव, नरेंद्र यादव, प्रवीण कुमार, नरेश यादव आदि मौजूद रहे। नकुड़ में भाकियू कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक परिसर से नारे लगाते हुए तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा बाईपास से होते हुए बस अड्डा, केएलजीएम इंटर कॉलेज रोड व तहसील रोड से होते हुए कोतवाली के सामने पहुंची। वहां किसानों ने एसडीएम सुरेंद्र कुमार को 11 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। चौधरी मेवाराम, प्रदीप ठाकुर, कमलेश चौधरी, बलेंद्र सिंह आदि रहे। नानौता में ब्लॉक अध्यक्ष सूचित चौधरी के नेतृत्व तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा गंगोह रोड से संजय चौक से होकर किसान सहकारी चीनी मिल पर जाकर संपन्न हुई। मंडल अध्यक्ष अशोक चौधरी ने चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक विकास कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान हाजी अब्बास चौधरी, रामपाल सिंह, रोहित पंवार, सुखबीर सिंह, संदीप कुमार, अभिषेक, विक्रांत, राकेश कोरी आदि रहे।
रामपुर मनिहारान में ब्लाक अध्यक्ष धर्मवीर सिंह गुर्जर के नेतृत्व में गांव सलेमपुर से ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली गई जो तहसील मुख्यालय पर पहुंच संपन्न हुई। उन्होंने ज्ञापन एसडीएम डॉ. पूर्वा को सौंपा।