भैयादूज पर आज रहेगी मारामारी, रोडवेज की भी पूरी तैयारी
सहारनपुर। भैया दूज पर रोडवेज ने विशेष तैयारी की है। लंबे रूटों की बजाय छोटे रूटों को प्राथमिकता दी गई है। लंबे रूटों से बसों को कम कर छोटे रूटों पर लगाया है। देहरादून, हरिद्वार, अंबाला, मुजफ्फरनगर, मेरठ समेत आसपास के शहरों के लिए बसों के फेरे भी बढ़ाए हैं।
दीपावली पर बेशक रोडवेज ने सभी बसों को रूटों पर दौड़ा दिया हो, लेकिन रोडवेज के इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। एक-एक बस में 90 से अधिक सवारियां चल रही हैं। बसों में यात्रियों के चढ़ने को लेकर मारामारी हो रही है। आज भैयादूज पर रोडवेज की बड़ी परीक्षा है। सहारनपुर डिपो की सभी 196 बसों को सड़कों पर उतार दिया है। देहरादून, हरिद्वार, अंबाला, मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली के रूटों पर अधिक यात्री मिलने की उम्मीद के चलते अधिकांश बसों को इन रूटों पर ही लगाया है। सहारनपुर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक जगदीश सिंह ने बताया कि भैया दूज के लिए लंबे रूट की बसों को कम कर छोटे रूटों पर लगा दिया है। अनुबंधित बसों समेत सभी के फेरे बढ़ा दिए हैं।
छठ पूजा पर भी रहेगी विशेष व्यवस्था
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि नवंबर के पहले सप्ताह में शुरू हो रहे छठ पूजा के आयोजन के लिए भी रोडवेज ने विशेष व्यवस्था की है। पूरे परिक्षेत्र में 434 बसें आवश्यकता के अनुसार लगाई हैं। 169 बसें छठ पूजा के लिए दिल्ली, सहारनपुर, हरिद्वार, देहरादून से गोरखपुर, आजमगढ़ के लिए चलाई जा रही हैं।
जिले में सुबह छह बजे से लागू होगा रूट डायवर्जन
शहर में नहीं आ सकेंगे भारी वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। भैयादूज पर आज शहर में भीड़भाड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मंगलवार को शहर में भारी वाहनों का प्रवेश नहीं होने दिया जाएगा। सुबह छह बजे से रूट डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। एसएसपी दिनेश कुमार ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में प्रत्येक डायवर्जन वाले स्थान पर पुलिस बल तैनात कर डायवर्जन को कड़ाई से लागू कराने के निर्देश दिए हैं। बेहट रोड, देहरादून रोड, टपरी रोड, बड़गांव रोड, दिल्ली रोड, अंबाला रोड, चिलकाना रोड से नगर क्षेत्र की ओर ट्रक, ट्रैक्टर-ट्राली समेत किसी भी प्रकार का भारी वाहन शहर की ओर नहीं आने दिया जाएगा।
यातायात में बदलाव
1. दिल्ली, शामली की ओर से अंबाला की ओर जाने वाले भारी वाहन नानौता में संजय चौक से गंगोह, नकुड़ के रास्ते शाहजहांपुर चौकी होकर जाएंगे। अंबाला से दिल्ली, शामली की ओर इसी रास्ते से जाएंगे।
2. दिल्ली, शामली की ओर से मुजफ्फरनगर एवं देहरादून की ओर जाने वाले भारी वाहन नानौता में संजय चौक से बड़गांव के रास्ते देवबंद होकर जाएंगे।
3. अंबाला से देहरादून एवं मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाले भारी वाहन शाहजहांपुर चौकी से चिलकाना, कलसिया, छुटमलपुर के रास्ते होकर जाएंगे।
4. मुजफ्फरनगर की ओर से देहरादून की ओर जाने वाले भारी वाहन देवबंद, नागल, गागलहेड़ी, होकर छुटमलपुर के रास्ते देहरादून जाएंगे।
5. विकासनगर, बेहट से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहन कलसिया तिराहे से छुटमलपुर, गागलहेड़ी, देवबंद, नानौता होकर जाएंगे।
6. देहरादून, हरिद्वार से अंबाला रोड की ओर जाने वाले भारी वाहन छुटमलपुर से गागलहेड़ी, देवबंद, नानौता, गंगोह, नकुड़, शाहजहांपुर चौकी होते हुए जाएंगे।
7. घंटाघर चौक से नेहरू मार्केट की ओर किसी भी प्रकार का चार पहिया वाहन नहीं जाने दिया जाएगा। केवल दोपहिया वाहन एवं पैदल व्यक्ति ही जाएंगे।