लूट का विरोध करने पर मारी थी बीबीए के छात्र को गोली
सहारनपुर, गंगोह। बीबीए के छात्र को गोली मारे जाने के मामले में घायल छात्र के पिता कैराना सांसद के पूर्व पीए ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना में चार युवकों पर लूट के प्रयास में नाकाम रहने पर गोली मारने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
घायल छात्र मुकुल के पिता गांव दूधला निवासी नाथीराम ने दी तहरीर में कहा है कि उसका बेटा शुक्रवार तीसरे पहर अपने साथी आयुष के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। गांव मोहड़ा से कुछ आगे करनाल हाईवे पर खड़े चार युवकों ने उन्हें लूट के उद्देश्य से रोक लिया। विरोध करने पर तमंचे से गोली मार दी। उनके शोर मचाने पर रास्ते पर जा रहे कई लोग वहां आ गए और उन्होंने हमलावरों को ललकारा, लेकिन चारों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सादिक उर्फ गांधी गांव खानपुर, प्रिंस निवासी कोलाखेड़ी, रादौर निवासी आंसू और बंगाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। संवाद