देहरादून रोड पर शिव मंदिर में कांवड़ लेकर जयघोष करते शिव भक्त
सहारनपुर। कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। महानगर में अंबाला रोड और देहरादून रोड पर बैरिकेडिंग करा दी गई है। बृहस्पतिवार (आज) रात 12 बजे से पहले चरण का रूट डायवर्ट हो जाएगा। शहर के अंदर भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई। हर गतिविधियों पर पैनी नजर रहेगी।
जिले में हरियाणा की सीमा से गांव शाहजहांपुर से गागलहेड़ी क्षेत्र की काली नदी चौकी तक कांवड़ मार्ग पड़ता है। जिले के रास्ते हरियाणा, पंजाब, जम्मू कश्मीर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कांवड़िये हरिद्वार गंगाजल लेने जाते हैं। बुधवार को प्रशासन की ओर से कांवड़ मार्ग यानी देहरादून और अंबाला रोड पर बल्लियों से बैरिकेडिंग की है। इसके साथ ही बिजली खंभों पर विद्युत निगम की ओर से प्लास्टिक लगा दी गई है, जिससे बारिश के दौरान किसी खंभे में करंट आ जाए तो कोई उसकी चपेट में न आए।
यही नहीं कांवड़ मार्ग पर ट्रांसफार्मरों के चारों ओर रस्सी से बल्लियों को बांधा गया है। डबल खंभे की भी घेराबंदी की है। वहीं, रूट डायवर्जन प्लान लागू करने की सभी तैयारियां कर ली गई हैं। एसपी यातायात सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि पहले चरण का रूट डायवर्जन बृहस्पतिवार यानी आज रात 12 बजे से लागू हो जाएगा। 17 जुलाई तक सभी भारी एवं मध्यम वाहनों को बाइपास से संचालित होकर चुन्हेटी कट से प्रवेश करते हुए हसनपुर चौक, दीवानी तिराहा, विश्वकर्मा चौक, आंबेडकर चौक, लिंक रोड होते हुए भेजा जाएगा। वहीं, ट्रांसपोर्ट नगर जाने वाले वाहन आंबेडकर चौक, लिंक रोड, भारत माता चौक होते हुए माहीपुरा चौक से निकलेंगे। मुख्य कांवड़ मार्ग के एक तरफ कांवड़िये एवं दूसरी ओर से हल्के वाहन जैसे बाइक, स्कूटी, ऑटो, ई-रिक्शा का आवागमन होगा।