सहारनपुर। माधोनगर निवासी संदीप शर्मा की कहानी किसी फिल्म कैरेक्टर से कम नहीं है। एक्टिंग करने का शौक बचपन से था तो थिएटर से जुड़ गए। पढ़ने में अच्छे थे तो ऑडिट विभाग में नौकरी मिल गई। ऐसे में हीरो बनने का सपना कहीं छूट गया, लेकिन अब उन्होंने नौकरी से वीआरएस लेकर अपने सपनों को उड़ान देने में लगे हैं।
उन्होंने करीब 25 साल की नौकरी करने के साथ-साथ थिएटर को नहीं छोड़ा। करीब दो वर्ष पहले 54 साल की उम्र में ऑडिट ऑफिसर के पद से वीआरएस लेकर बॉलीवुड पहुंच गए, जहां उनको लगातार काम मिल रहा है। जल्द ही उनकी फिल्म डैला बैला बदलेगी कहानी वेव्ज पर रिलीज हो रही है। इसमें वह घर में काम करने वाले नौकर की भूमिका में हैं और उनके किरदार का नाम है भोलू। संदीप शर्मा ने बताया कि डैला बैला बदलेगी दुनिया फिल्म आत्मखोज, व्यक्तिगत पहचान और युवा जीवन की जटिलताओं को दर्शाती है।
यह आज के बदलते हुए भारत की कहानी है। खास बात यह है कि यह आम आदमी की कहानी है। जब आप फिल्म देखने जाएंगे तो आपको लगेगा कि यह आपकी जिंदगी से जुड़ी है। फिल्म की शूटिंग बाराबंकी, लखनऊ और मुंबई में हुई है। वीआरएस लेने के बाद करीब दो साल के अंतराल में उन्हें आधा दर्जन से अधिक धारावाहिकों में काम करने का मौका मिला चुका है। जल्द ही वह नवाजुद्दीन के साथ भी नजर आएंगे, जिसमें वह सीओ बने हैं और नवाजुद्दीन उनके अधीन अधिकारी हैं। संदीप शर्मा ने बताया कि बचपन से उनका सपना बॉलीवुड में काम करने का था। करीब 25 साल की नौकरी करने के बाद अब अपने सपनों को उड़ान दे रहे हैं।