- हीट वेव का अलर्ट, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। मौसम में बदलाव के साथ लगातार बढ़ते तापमान और हीट वेव के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। पूर्वाह्न 11 बजे से शाम चार बजे तक धूप में नहीं निकलने की सलाह दी गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि हीट वेव शरीर की कार्यप्रणाली पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। ऐसे में लोगों को अधिक से अधिक पानी पीना चाहिए, भले ही प्यास न लगे। हल्के रंग के ढीले और पसीना सोखने वाले कपड़े पहनें और धूप में निकलते समय छाता, टोपी और चश्मे का प्रयोग करें। खुले में काम करने वाले लोग सिर, चेहरा और हाथ-पैर को ढककर रखें। उन्होंने बताया कि कमजोरी, चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, पसीना आना और बेहोशी जैसे लक्षण हीट स्ट्रोक के संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।
नोडल अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर ओआरएस और आईवी फ्ल्यूड का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध करा दिया गया है। ग्रामीण व शहरी स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है और प्रतिदिन हीट वेव से संबंधित रिपोर्ट पोर्टल पर फीड की जा रही है। मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग और लार्वा स्प्रे कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि पूर्वाह्न 11 बजे से शाम चार बजे तक धूप में निकलने से बचें, तरल पदार्थों का सेवन करें और लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सीय सहायता लें।