सहारनपुर। ट्रेनों का जनरल टिकट लेने के लिए यात्रियों को अब लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। करीब ढाई साल बाद रेलवे स्टेशन पर पांच ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन की सुविधा मिलेगी। एटीवीएम से चंद सेकेंड में ही टिकट बन जाएगा और ट्रेनों के छूटने का भी डर नहीं रहेगा। मशीनों पर कर्मचारियों की तैनाती होगी, साथ ही क्यू आर कोड की भी सुविधा रहेगी।
सहारनपुर रेलवे स्टेशन ए श्रेणी का है। यहां से करीब 153 ट्रेनों का आवागमन होता है। सहारनपुर में पांच एटीवीएम पहुंच गई है, जो जल्द ही रेलवे स्टेशन पर स्थापित की जाएगी। चार मशीनों को अनारक्षित टिकट काउंटर और एक मशीन खलासी लाइन की तरफ अनारक्षित एवं आरक्षित केंद्र में लगाया जाएगा। एटीवीएम से टिकट लेने के लिए पहले स्टेशन चुने। जिस ट्रेन से सफर करना है, उसकी श्रेणी चुने। नकद, स्मार्ट कार्ड या यूपीआई से टिकट का भुगतान करते ही टिकट प्रिंट होकर मशीन से बाहर आ जाएगा।
एटीवीएम से अनारक्षित और प्लेटफार्म टिकट दोनों खरीदें जा सकते हैं। दैनिक यात्री एटीवीएम पर अपने महीने और तिमाही टिकटों का नवीनीकरण करा सकते हैं। एटीवीएम से टिकट खरीदने के लिए आर वॉलेट का इस्तेमाल करने पर बोनस मिलता है। टिकट लेने के लिए रिचार्ज किया गया स्मार्ट कार्ड इस्तेमाल किया जा सकता है। एटीवीएम से टिकट लेने पर उसका किराया एटीवीएम कार्ड से ही कटता है। यह मशीनें अगले सप्ताह तक स्थापित कर चालू किया जाएगा। इसके बाद यात्रियों को लाइन में लगने से छुटकारा मिल जाएगा।