गागलहेड़ी। कस्बे के चर्चित सुरेश राणा हत्याकांड का पांचवां आरोपी अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुनादी कराते हुए आरोपी के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया है।
दो जनवरी को कस्बे की सब्जी मंडी में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर सुरेश राणा की घर में घुसकर दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस जांच में हमलावर हरियाणा के करनाल निवासी निकले थे। काफी प्रयास के बाद भी हमलावर पुलिस के हाथ नहीं लगे थे। इनामी घोषणा के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार सहित मोनू, विक्की, सिप्पी उर्फ़ अरमान को मुठभेड़ में पैर में गोली मारने के बाद गिरफ्तार कर लिया था। इस हत्याकांड का पांचवां आरोपी बूटा सिंह उर्फ गट्टू निवासी खेमूयाना थाना निहाल वाला जिला भटिंडा पंजाब तभी से फरार चल रहा है। तमाम प्रयासों के बावजूद पुलिस उसे पकड़ नहीं सकी है। इस पर थाना पुलिस ने उसके घर पहुंच कर मुनादी कराने के लिए कुर्की का नोटिस चस्पा किया है।