सहारनपुर। गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर के बाहर सिपाहियों पर जानलेना हमला करने वाले अहमद मुर्तजा अब्बासी से संपर्क होने के शक के आधार पर थाना फतेहपुर के छुटमलपुर से हिरासत में लिए गए युवक अब्दुल रहमान को एटीएस ने पूछताछ के बाद छोड़ दिया है। एटीएस को उसका मुर्तजा से कोई कनेक्शन नहीं मिला है। हालांकि, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने पर युवक को मुचलके में पाबंद किया गया है।
एटीएस ने मंगलवार शाम को थाना फतेहपुर क्षेत्र के कस्बा छुटमलपुर की मुस्लिम कॉलोनी निवासी हाफिज अब्दुल रहमान को हिरासत में लिया था। हाफिज अब्दुल रहमान छुटमलपुर में जनरल स्टोर चलाता है और फतेहपुर की लुहारों वाली मस्जिद में इमाम है। मुर्तजा से कनेक्शन होने के शक के आधार पर एटीएस हाफिज अब्दुल रहमान को अपने साथ ले गई थी, लेकिन पूछताछ में मुर्तजा से हाफिज अब्दुल रहमान कोई कनेक्शन नहीं मिला है। इसके बाद बुधवार की रात साढ़े दस बजे एटीएस ने हाफिज अब्दुल रहमान को उसके परिजनों की सुपुर्दगी में देकर छोड़ दिया है। वहीं, अब्दुल रहमान द्वारा सोशल मीडिया पर आपत्ति जनक पोस्ट डालने पर एटीएस ने मुचलके में पाबंद कराया है। एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि जानकारी मिली है कि एटीएस ने युवक को छोड़ दिया है, लेकिन सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने पर मुचलके में पाबंद किया गया है।
लगी भीड़, परेशान होकर रिश्तेदारी में गया युवक
युवक को बुधवार की रात छोड़ने पर उसके घर पर लोगों की भीड़ लग गई। एटीएस की कार्रवाई के बारे में लोग जानकारी लेने को उसके घर पहुंचते रहे। इससे परेशान होकर हाफिज अब्दुल रहमान बृहस्पतिवार की सुबह घर से अपनी रिश्तेदारी में चला गया।