सहारनपुर। नियमितीकरण, समान कार्य के लिए वेतन आदि मांगों को लेकर हड़ताल कर एनएचएम कर्मचारियों ने शनिवार से काम शुरू कर दिया है। वहीं, आशा कार्यकर्ताओं का दसवें दिन भी सीएमओ कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने थाली-चम्मच बजाकर राज्य कर्मचारी का दर्जा मांगा।
संयुक्त आशा संगठन के संयोजक संजय वालिया और जिलाध्यक्ष कमलेश सैनी के नेतृत्व में आशा कार्यकर्ताओं ने धरनास्थल पर एकत्र होकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वह लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। ऐसे में उन्हें आंदोलन जारी रखने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। आशा कार्यकर्ता गांवों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि थाली-चम्मच बजाकर प्रदर्शन करने का उद्देश्य लखनऊ में बैठे अधिकारियों तक अपनी आवाज पहुंचाना है, ताकि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा सके। वहीं, आठ अक्तूबर से हड़ताल कर रहे एनएचएम कर्मचारियों की शनिवार को खत्म हो गई है। सभी कर्मचारियों ने काम शुरू कर दिया है। इस मौके पर लता, ललतेश, नेहा, भावना, शारदा, सरिता, माला, संगीता, प्रेमा, नीलू, नीलम, आलिया, पूजा आदि रही।