संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। मंडी समिति परिसर स्थित मैंगो पैक हाउस का एपीडा और प्लांट प्रोटेक्शन टीम ने संयुक्त निरीक्षण किया है। इस निरीक्षण के बाद जल्द ही पैक हाउस से आम का निर्यात और पैकिंग शुरू हो जाएगी। सोमवार शाम तक टीम की रिपोर्ट आने की उम्मीद है, जिसके बाद मंजूरी मिल सकती है।
मंडी सचिव देवेंद्र प्रताप ने बताया कि टीम ने पैक हाउस का निरीक्षण किया है। उन्होंने जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद जताई। जिले से प्रतिवर्ष यूरोप और पड़ोसी देशों को आम का निर्यात किया जाता है। इस बार नेपाल भी आम भेजा जाएगा। निर्यात के लिए किसानों और बागवानों के साथ 60 मीट्रिक टन से अधिक के समझौता ज्ञापन किए गए हैं। जिले से सबसे अधिक रामकेला और लंगड़े आम का निर्यात होता है।
मैंगो पैक हाउस में आम की धुलाई और ग्रेडिंग की जाती है। इसे गर्म जल उपचार मशीन से भी गुजारा जाता है। यह प्रक्रिया आम में लगने वाले बैक्टीरिया को समाप्त कर देती है। पैक किए गए आम को दिल्ली भेजा जाता है, जहां से वे विदेशों के लिए रवाना होते हैं। एपीडा की टीम हर वर्ष इन व्यवस्थाओं और मशीनों का निरीक्षण करती है।