सहारनपुर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स मेरठ की टीम ने थाना कुतुबशेर क्षेत्र से 500 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 75 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी कोतवाली नकुड़ के गांव घाटमपुर से शहर में स्मैक सप्लाई करने आ रहा था।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स मेरठ के इंस्पेक्टर सौरभ विक्रम ने बताया कि सोमवार को टीम को सूचना मिली थी कि कोतवाली नकुड़ के गांव घाटमपुर से एक तस्कर स्मैक लेकर शहर में सप्लाई करने आ रहा है। इसका पता लगते ही टीम ने आरोपी को थाना कुतुबशेर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 500 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। आरोपी की पहचान घाटमपुर निवासी मेहरबान के रूप में हुई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने गांव के ही एक व्यक्ति से यह स्मैक खरीदी थी। जो शहर में बेचने के लिए आया था।