-मंगलवार को शहर की कई कॉलोनियों में किया गया छिड़काव और फॉगिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए नगर निगम की ओर से शहर में एंटी लार्वा और मैलाथियान का छिड़काव तथा फॉगिंग कराई जा रही है। मंगलवार को भी अनेक जगहों पर छिड़काव और फॉगिंग कराई गई।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुनाल जैन ने बताया कि बरसात का मौसम चल रहा है, जिसमें मच्छर अधिक संख्या में पैदा होते हैं। यही समय होता है जब संचारी रोग, जिसमें डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया आदि फैलते हैं। ऐसे में नगर निगम ने संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए ही विशेष प्लान तैयार किया है। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह खुद इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मुख्य सफाई निरीक्षक अमित तोमर ने बताया कि मानकमऊ, नंदपुरी, रामविहार, धोबीवाला, दिल्ली रोड, देवली, बेहट रोड, सड़क दूधली, चक हरेटी आदि में बड़े वाहनों से छिड़काव कराया गया है।
-------
निगम ने सड़क से अतिक्रमण हटवाया
सहारनपुर। बेहट रोड स्थित चक सराय भारती चंद कॉलोनी में सार्वजनिक मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को नगर निगम ने जेसीबी से ध्वस्त कराया। अतिक्रमण की शिकायत प्रशासन और नगर निगम से की गई थी। इसके बाद एसडीएम सदर और तहसीलदार द्वारा मामले की जांच की गई थी, जिसमें सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण होना पाया गया था। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर अतिक्रमण प्रभारी व सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम के नेतृत्व में प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बीएस नेगी और उनकी टीम पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटवाया।