सहारनपुर। सहारनपुर में कोरोना से एक और मौत हुई है। सोमवार को जाटव नगर निवासी वृद्ध ने राजकीय मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में दम तोड़ा। अब सहारनपुर में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 18 पर पहुंच गया है।
बताया गया कि जाटव नगर निवासी 65 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट 19 जुलाई को पॉजिटिव आई थी। उनको अन्य भी कई समस्याएं थीं। रिपोर्ट आने के बाद उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया था। जरूरत के हिसाब से उनको इलाज दिया जा रहा था, मगर हालत में सुधार नहीं हुआ। सोमवार की सुबह उनकी मौत हो गई। इससे पहले रविवार को छह मौतें हुई थीं। सहारनपुर में बीते एक माह में यह 18वीं मौत है। पहली मौत चार जुलाई को नवीनगर निवासी युवक की हुई थी। लगातार बढ़ रहे मौत के आंकड़े से चिकित्सा विभाग के अधिकारी टेंशन में हैं।
चिकित्सा विभाग लगातार बेहतर से बेहतर करने की कोशिश कर रहा है। मगर बीते कुछ दिन में जिस तरह से कोरोना से मौतें हुई हैं वह चिंता की बात है। आम लोगों से अपील है कि कोविड के नियमों का पालन करें और संक्रमित होने से बचें।
डॉ. बीएस सोढ़ी, सीएमओ।