नानौता में धरनारत किसानों से बात करते एसडीएम और जल निगम अधिकारी
- फोटो : SAHARANPUR
नानौता (सहारनपुर)। ग्राम भनेड़ा खेमचंद में प्रदूषित जल व टंकी निर्माण में बरती गई अनियमितताओं के विरोध में भारतीय किसान मजदूर संगठन के बैनर तले ग्रामीणों द्वारा धरना दिया गया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम रामपुर मनिहारान ने ग्रामीणों को उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
धरने पर भारतीय किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष ठा. अजब सिंह ने कहा कि गांव में बनी पानी की टंकी का बोरिंग मानक के अनुरूप नहीं किया गया है। बोरिंग 700 फीट होना चाहिए था लेकिन इसे 300 फीट ही किया गया है। इस कारण टंकी से शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है। धरने की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीएम एसएन शर्मा व जल निगम के परियोजना प्रबंधक राजेंद्र सिंह ने ग्रामीणों को टंकी निर्माण में मानकों की अनदेखी की जांच कराते हुए स्वच्छ जल आपूर्ति के आश्वासन पर धरना प्रदर्शन समाप्त कराया।
राजेंद्र सिंह ने बताया कि उनके द्वारा टंकी से निकले पानी के नमूने जांच हेतु आईआईटी रुड़की भेजे हुए हैं। अभी नमूनों की रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट आने पर समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। धरना प्रदर्शन के दौरान मेनपाल सिंह, तरसेम सिंह, कानू बाबू, जयपाल सिंह, राजबीर सिंह, दिनेश कुमार, नरेश कुमार सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।