रेलवे स्टेशन पर चेकिंग करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में भोपाल से शाहजहांपुर आ रही भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन में हुए ब्लास्ट के बाद लखनऊ में एक संदिग्ध आतंकी के पकड़े जाने के बाद सहारनपुर में भी अलर्ट जारी कर दिया है।
पुलिस ने ट्रेनों एवं बसों में चेकिंग शुरू कर दी है। रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे पर भी पुलिस निगरानी कर रही है। मध्य प्रदेश में ट्रेन में हुए ब्लास्ट को आतंकी कार्रवाई माना जा रहा है।
जिसके बाद लखनऊ में एक संदिग्ध आतंकी को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया है, कानपुर में भी एक संदिग्ध को पुलिस ने गिरफ्तार किया। सहारनपुर में भी इसी के तहत अलर्ट जारी कर दिया गया है।
पुलिस की टीमों ने रोडवेज बसों एवं ट्रेनों की चेकिंग शुरू कर दी है। सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी के लिए पुलिस की टीमें लगा दी गई है। पुलिस ने ट्रेनों में यात्रियों की चेकिंग की और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की।
कुछ लोगों से उनका पूरा पता भी लिखा गया और सामान की तलाशी ली गई। जिससे ट्रेन में गहमागहमी का माहौल बना रहा। साथ ही रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए सभी प्लेटफार्मों पर पुलिस ने नजर रखी।
सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर ही पिछले वर्ष इंडियन मुजाहिदीन का एक आतंकी शेख एजाज अहमद पकड़ा गया था। जिस कारण सहारनपुर में कड़ी सतर्कता बरती जा रही है। सड़क पर वाहनों में भी चेकिंग शुरू कर दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लव कुमार ने बताया कि पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस टीमें जांच कर रही हैं। कड़ी सतर्कता बरती जा रही है। वाहनों की भी चेकिंग कराई जा रही है।