सहारनपुर में होली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शहर में प्रमुख मिठाई की दुकानों पर छापा मारा। मावा से बनने वाली मिठाइयों समेत सात सैंपल टीम ने लिए।
जबकि नमकीन की फैक्ट्री में पकड़ी गई 50 किलो खराब नमकीन को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। मिष्ठान विक्रेताओं में हड़कंप मचा रहा। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहीत अधिकारी सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम ने होली के मद्देनजर मिठाई की प्रमुख दुकानों पर छापामार कार्रवाई की।
टीम ने सबसे पहले कलक्ट्रेट के पास दिल्ली रोड स्थित अनुपम स्वीट्स पर छापा मारा। टीम ने यहां से काजू बर्फी एवं सामान्य बर्फी का सैंपल लेकर सील कर दिया। इसके बाद कोर्ट रोड स्थित भारती डेरी पर टीम पहुंची और वहां से घी का नमूना लिया।
टीम ने घंटाघर स्थित फाइव स्टार स्वीट्स पर छापा मारा। यहां टीम ने बर्फी का नमूना जांच के लिए रखा। घंटाघर पर ही फाइव स्टार स्वीट्स के पास में ही स्थित गुलाटी डेरी से टीम ने पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा।
बेहट रोड स्थित देवना में मलिक स्वीट्स से बालूशाही का नमूना लेकर सील कर दिया। इसके बाद टीम ने राकेश टॉकीज के पास स्थित सुदेश बब्बर की रामा नमकीन पर छापा मारा।
यहां पर लगभग 50 किलो नमकीन रखी हुई थी। सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि नमकीन देखने में ही खराब और मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक प्रतीत हो रही थी।
टीम ने नमकीन का नमूना भर लिया और 50 किलो नमकीन को मौके पर ही नष्ट करा दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी ने खाद्य पदार्थ की दुकानों पर हड़कंप मचा रहा। टीम को कई दुकानें बंद मिली। छापामारी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार, सुधीर कुमार सिंह, इंद्र यादव, राहुल शुक्ला शामिल रहे।