- कांवड़ यात्रा ने बढ़ाए फूलों के दाम, गुलाब 400 चार रुपये किलो तक पहुंचा
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनरपुर। सहालग खत्म होने के बाद से फूलों के कारोबार से महक गायब सी हो गई थी, लेकिन सावन मास से फूलों को संजीवनी मिली है। सावन मास में रुद्राभिषेक की धूम से फूल कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं। फूलों के रेट भी पहले से अधिक है।
महानगर में पांच प्रमुख शिवालयों के अलावा अनेकों मंदिर हैं, जहां पर सावन मास पूजा पाठ और रुद्राभिषेक के लिए फूलों की सप्लाई हो रही है। इसके अलावा कांवड़ सेवा शिविर में भी दरबार लगे हैं। कांवड़ यात्रा में भक्तों पर भी जमकर पुष्पवर्षा हो रही है। इन सबके चलते फूलों के दामों में बढोत्तरी हुई है। गेंदे का फूल जो 80 से 90 रुपये किलो मिलता था, उसके दाम सावन मास में 150 रुपये किलो तक जा पहुंचे हैं। इसके अलावा गुलाब के फूल के दाम आसमान छू रहे हैं। गुलाब का फूल कहीं 350 तो कहीं 400 रुपये प्रति किलो तक मिल रहा है। कमल के फूल के भी दाम बढ़े हैं। कमल के फूल का जोड़ा 50 से 60 रुपये में बाजार में उपलब्ध है। इसके अलावा धतुरा, बेलपत्र भी मंदिरों के पास खरीदा जा रहा है। दाम बढ़ने से फूल कारोबारियों को भी अच्छा फायदा हो रहा है।
- बोले कारोबारी
जोगियान पुल के नजदीक फूलों का काम करने वाले आलोक बताते हैं कि सहालग के बाद फूलों का बाजार ठंडा हो जाता है। इस बार सावन के महीने में बाबा की कृपा है। कारोबार भी अच्छा हो रहा है और दाम भी अच्छे मिल रहे हैं। गेंदा 150 रुपये प्रति किलो तक है। कमल के दाम भी बढ़े हैं।
- कारोबारी राशिद बताते हैं कि पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष सावन में फूलों की मांग अधिक है। लोग विभिन्न प्रकार के फूल खरीद रहे हैं। गुलाब 400 रुपये तक बिक रहा है। कमल के फूल का जोड़ा भी महंगा हुआ है।