- सहारनपुर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने बैठक कर बनाई रणनीति
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। सहारनपुर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से परिवहन क्षेत्र पर अतिरिक्त बोझ पड़ने और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम बढ़ने की आशंका जताई है।
एसोसिएशन अध्यक्ष ब्रित चावला ने कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर माल ढुलाई, परिवहन और विनिर्माण लागत पर पड़ेगा, जिससे आम उपभोक्ताओं को महंगाई का सामना करना पड़ सकता है। 15 जून के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब साढ़े सात रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है। यदि ऐसा होता है तो आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है और खाद्य पदार्थों समेत अन्य उपभोक्ता वस्तुओं के दाम बढ़ सकते हैं। एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रभारी चौधरी गजेंद्र सिंह ने कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि का असर पूरी अर्थव्यवस्था पर दिखाई देगा। पेट्रोल-डीजल के दाम 10 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ते हैं तो खुदरा महंगाई दर में करीब 0.48 प्रतिशत तक वृद्धि हो सकती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में टोल टैक्स का अतिरिक्त भार भी वाहन मालिकों को उठाना पड़ रहा है। बैठक में कोषाध्यक्ष सरदार सतनाम सिंह, जगदीश सिंह नेगी, गणेश गुप्ता, सरफराज, राजेंद्र सिंह, संयम कक्कड़, निशा साहनी आदि रहे।