- चार अगस्त को आने की है संभावना, जिलाधिकारी और नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। चार अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम तैयारियों में जुटे हैं। जिलाधिकारी और नगर आयुक्त ने अधिकारियों के साथ गंगोह रोड स्थित गोगा म्हाड़ी व जनमंच प्रेक्षागृह का निरीक्षण किया।
शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल, नगर आयुक्त शिपू गिरि, सीडीओ सुमित राजेश महाजन और अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह निगम के अधिकारियों के साथ गंगोह रोड स्थित गोगा म्हाड़ी पहुंचे। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के संभावित दौरे को लेकर तैयारियों का जायजा लिया। नगर आयुक्त ने निगम अधिकारियों को म्हाड़ी के मुख्य द्वार के सामने का कार्य रात तक पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लाइट व पेयजल तथा हॉर्टिकल्चर संबंधी सभी कार्य व्यवस्थित ढंग से करने को कहा। वाटर कूलर ऐसे स्थान पर रखने के निर्देश दिए, जहां वह उपयोगी हो, लेकिन लोगों के आगमन में बाधा न बने। इस पर भी अधिकारियों ने विमर्श किया। जिलाधिकारी और नगर आयुक्त ने गांधी पार्क स्थित जनमंच का भी निरीक्षण किया और वहां आवश्यक रूप से सफाई, नालियों की मरम्मत तथा रंगाई-पुताई के निर्देश दिए।
सर्किट हाउस रोड सहित सभी मार्गों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा। इस दौरान निगम के मुख्य अभियंता निर्माण बीके सिंह, अधिशासी अभियंता आलोक श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता/पथ प्रकाश प्रभारी वीबी सिंह, सहायक अभियंता विपुल कुमार, जेडएसओ राजीव आदि रहे।