सहारनपुर में अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में मरीज दवाइयों न मिलने के कारण तड़पते मिले। अस्पताल परिसर में जगह-जगह गंदगी मिलने पर अधिकारियों को फटकार लगाई।
उपस्थित रजिस्टर चैक किया तो चिकित्सक और कर्मचारी गैरहाजिर मिले। एडीएम सुबह करीब सवा दस बजे जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने ओपीडी के सभी कक्षों में जाकर चिकित्सा सुविधाओं का हाल जाना। चिकित्सकों और मरीजों से बातचीत की।
मरीजों ने बताया कि वह इलाज के बिना तड़प रहे हैं, लेकिन अस्पताल में दवाइयां नहीं मिल पा रही है। इस बाबत विभागीय अधिकारियों से पूछा तो उन्होंने कहा कि दवाइयों का बजट कम है। इसी के चलते दवाइयां पर्याप्त मात्रा में नहीं है।
बच्चा वार्ड में भारी गंदगी देखकर वह बिफर गए। हड्डी वार्ड आदि का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने चिकित्सकों का उपस्थित रजिस्टर चैक किया। उसमें कई चिकित्सकों और कर्मचारियों के गैरहाजिर मिलने पर जवाब तलब करने के निर्देश दिए।