नानौता। क्षेत्र के किसान सहकारी चीनी मिल में कथित गबन के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर किसान मजदूर संगठन का धरना मंगलवार को जारी रहा। किसानों द्वारा 18 सितंबर को मिल परिसर में महापंचायत की चेतावनी के बीच एडीएम वित्त एवं राजस्व किसानों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मामले में शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना एक महीने के लिए स्थगित कर दिया।
चीनी मिल में धरना स्थल पर पहुंचे किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने कहा कि कथित गबन की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से जुड़े मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन फिर तेज किया जाएगा। एडीएम वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल के आश्वासन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने धरना समाप्त करने की घोषणा करते हुए प्रशासन को एक माह का समय दिया।
उन्होंने चेतावनी दी कि 15 अक्तूबर तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो चीनी मिल परिसर में महापंचायत कर आंदोलन को फिर तेज किया जाएगा। इस दौरान एसडीएम रामपुर मनिहारान योगेश गौड़, सीओ गंगोह शशि प्रकाश शर्मा, जीएम अंकित कुमार (पीसीएस), उपसभापति रविंद्र सिंह पुंडीर, जिलाध्यक्ष ठाकुर अजब सिंह, जिला उपाध्यक्ष मोंटू राणा, सागर पुंडीर, जयकिशन, मनोज, हरपाल, परमजीत, पप्पू, गोपाल और राजबीर आदि मौजूद रहे।